home page

टेंगाखाट अग्निकांड: मृतक कर्मचारियों के परिजनों ने ठुकराया मुआवजा, नौकरी की मांग

 | 

डिब्रूगढ़ (असम), 12 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के टेंगाखाट स्थित आईटीएफ में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों ने ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) प्रबंधन द्वारा घोषित मुआवजे को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। मृतकों के परिजनों ने आर्थिक सहायता के बजाय परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि इस भीषण अग्निकांड में छह कर्मचारियों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य कर्मचारी घायल हो गया था। घायल कर्मचारी का दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद ओआईएल प्रबंधन ने मृतक कर्मचारियों के प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी। हालांकि, परिजनों ने इस प्रस्ताव को ठुकराते हुए कहा है कि मुआवजे के बजाय परिवार के सदस्यों को रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में उनकी आजीविका सुनिश्चित हो सके।

इस हादसे में छह कर्मचारियों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश