home page

जोरहाट आभूषण चोरी, नए-नए हो रहे खुलासे

 | 

-आभूषण चोरी मामले में फरार जीतू सोमानी ने आत्मसमर्पण के दौरान स्वयं को बताया निर्दोष

जोरहाट (असम), 29 अगस्त (हि.स.)। जोरहाट के आभूषण चोरी मामले में मुख्य आरोपित बताये जा रहे जीतू सोमानी ने आज पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। मामले में यश धानुका और चोरी के आभूषण खरीदने वाले जौहरी राहुल गुप्ता के पुलिस के शिकंजे में आने के बाद जीतू सोमानी और उसका दोस्त रोहित प्रसाद मुख्य आरोपित बन गए थे। पुलिस पर भी इसे लेकर काफी दबाव था।

जौहरी राहुल गुप्ता को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसके पिता और भाई को उठा लिया। जिसके चलते राहुल खुद चलकर पुलिस के पास पहुंच गया। ऐसे में आज जीतू सोमानी का आत्मसमर्पण पुलिस के लिए राहत की बात रही। थाना परिसर में मीडिया के पूछे जाने पर जीतू ने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि आभूषण की चोरी की बात उसे पता नही थी। यश ने पैसों की ज़रूरत बताई और कहा कि उसकी ज्वेलरी बिकवा दो। इस पर जीतू ने अपने दोस्त रोहित प्रसाद को मदद के लिए कहा और वह तैयार हो गया। रोहित की पहचान जौहरी राहुल गुप्ता से थी और उसने आभूषण खरीद लिए।

जीतू ने अपने पक्ष में दलील देते हुए कहा कि जितने भी आभूषण यश ने दिये वह सभी पुरुषों के इस्तेमाल के थे। ऐसे में उसे चोरी का शक नहीं हुआ। अगर महिलाओं के आभूषण यश लाता तो वह ज़रूर पूछताछ करता और इस पचड़े में नही पड़ता। यश को लेकर जीतू ने अन्य कई चौंकाने वाले खुलासे किए।

इस मामले में अब रोहित प्रसाद का सामने आना बाकी है, वहीं यश की गर्लफ्रेंड पुबाली भी ग़ायब है, जो मामले में नये खुलासे कर सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

उल्लेखनीय है कि यश धानुका के पिता ने हाल ही में हुई आभूषण चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसकी जांच करते हुए पुलिस ने अब तक कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai