home page

जुबीन गर्ग के धन के दुरुपयोग का आरोप, सिद्धार्थ शर्मा की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी

 | 
जुबीन गर्ग के धन के दुरुपयोग का आरोप, सिद्धार्थ शर्मा की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी


गुवाहाटी, 23 जून (हि.स.)। जुबीन गर्ग के पूर्व मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा पर गायक की कमाई के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता जियाउर कमार ने मंगलवार को कई गंभीर दावे किए।

सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में कमार ने कहा कि जुबीन गर्ग के बैंक खाते में वर्तमान में मात्र नौ लाख रुपये हैं, जबकि सिद्धार्थ शर्मा के खाते में करोड़ों रुपये हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न बिहू समितियों द्वारा जुबीन गर्ग के कार्यक्रमों के लिए दिए गए धन का गबन सिद्धार्थ शर्मा ने किया।

अधिवक्ता ने दावा किया कि मामले की सुनवाई के दौरान जुबीन गर्ग के धन के कथित दुरुपयोग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी अदालत द्वारा नहीं की गई है।

इस बीच, जुबीन की हत्या मामले के आरोपित सिद्धार्थ शर्मा की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है और 26 जून या उसके बाद किसी दिन आदेश सुनाए जाने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि संदीपन गर्ग की जमानत याचिका पर गौहाटी उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति मिताली ठाकुरिया की पीठ ने आज सुनवाई की। अदालत ने संदीपन गर्ग की ओर से प्रस्तुत दलीलें सुनीं और मामले की अगली सुनवाई 15 जुलाई के लिए निर्धारित की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश