जिला-स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
इटानगर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के कामले जिले में आज रागा उपायुक्त के कॉन्फ्रेंस हॉल में 'राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस' 'स्टॉप डायरिया अभियान', 'एनीमिया मुक्त भारत' और 'स्तनपान सप्ताह' के संबंध में जिला-स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कामले जिले के उपायुक्त जोतम टोको ओबी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में समिति के सदस्य डॉ. गमिक हंगकर (प्रभारी), डॉ. कापू सोपिन, रागा खोडा टापा और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अधिक से अधिक जागरूकता फैलाएं, जन-सेवाओं से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा करें और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुनिश्चित करें।
इसके अलावा, उन्होंने संबंधित एजेंसियों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर, जमीनी स्तर पर व्यावहारिक रूप से काम करने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

