home page

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जालुकबारी स्थित भूपेन हजारिका की समाधि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

 | 




गुवाहाटी, 23 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने बुधवार की शाम को गुवाहाटी के जालुकबारी स्थित 'भूपेन हजारिका समन्वय तीर्थ' क्षेत्र पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने असम दौरे के दौरान वे डॉ. हजारिका की समाधि स्थल पर पहुंचे और उन्हें नमन किया।

समाधि स्थल पर पहुंचकर भूपेश बघेल ने डॉ. हजारिका की प्रतिमा और स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके सांस्कृतिक योगदान को याद किया।

इस दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। उनके साथ विधायक वाजेद अली चौधरी, नंदिता दास और रसीद आलम ने भी डॉ. हजारिका को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा, असम कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के राष्ट्रीय नेताओं के दौरे असम के सांस्कृतिक प्रतीक डॉ. भूपेन हजारिका के प्रति उनके आदर और व्यापक लोकप्रियता को दर्शाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर