home page

गुवाहाटी मैराथन के मद्देनजर एनएच-27 पर यातायात प्रतिबंध लागू होंगे

 | 
गुवाहाटी मैराथन के मद्देनजर एनएच-27 पर यातायात प्रतिबंध लागू होंगे


गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी में 29 नवंबर को आयोजित होने वाली तीसरी गुवाहाटी मैराथन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर यातायात व्यवस्था में बदलाव की घोषणा की है। मैराथन सुबह 5 बजे अर्जुन भोगेश्वर बरुवा खेल परिसर से शुरू होगी। इसके मद्देनजर 29 नवंबर को सुबह 3 बजे से मैराथन समाप्त होने तक अपोलो एक्सेल केयर से लालमाटी तक एनएच-27 के उत्तरी हिस्से में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।

यातायात पुलिस के अनुसार, खानापाड़ा से जालुकबाड़ी की ओर जाने वाले वाहन एनएच-27 के अपने सामान्य मार्ग पर चलेंगे। वहीं, जालुकबाड़ी से खानापाड़ा की ओर जाने वाले वाहन अपोलो एक्सेल केयर तक मुख्य सड़क से जाएंगे, जिसके बाद उन्हें उत्तरी हिस्से की सर्विस रोड से लालमाटी तक डायवर्ट किया जाएगा। वहां से वाहन फिर मुख्य राजमार्ग पर खानापाड़ा की ओर जा सकेंगे।

अपोलो एक्सेल केयर से लालमाटी तक उत्तरी सर्विस रोड पर यातायात की सामान्य दिशा के विपरीत वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। गोरचुक से लालमाटी पॉइंट तक एनएच-27 की मुख्य सड़क और सर्विस रोड को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है।

जालुकबाड़ी की ओर से आने वाले मैराथन प्रतिभागी अपोलो एक्सेल केयर तक मुख्य सड़क से पहुंचने के बाद उत्तरी सर्विस रोड से खेल परिसर पहुंचेंगे। खानापाड़ा की ओर से आने वाले प्रतिभागी खेल परिसर के सामने तक मुख्य सड़क से आएंगे और दक्षिणी सर्विस रोड से होते हुए लोखरा फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लेकर आयोजन स्थल पहुंचेंगे।

प्रतिभागियों के वाहनों की पार्किंग अर्जुन भोगेश्वर बरुवा खेल परिसर तथा असम इलेक्ट्रिसिटी ग्रिड कॉरपोरेशन लिमिटेड (एईजीसीएल) परिसर में निर्धारित स्थानों पर की जा सकेगी।

यातायात प्रतिबंधों से एम्बुलेंस, दमकल वाहन, जीवनरक्षक दवाएं और ऑक्सीजन सिलेंडर ले जाने वाले वाहन, स्कूल बसें, दूध की गाड़ियां तथा स्थानीय निवासियों के वाहनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश