home page

गुवाहाटी ईएसआईसी अस्पताल में पंचकर्म इकाई और सौर गर्म जल प्रणाली का उद्घाटन

 | 
गुवाहाटी ईएसआईसी अस्पताल में पंचकर्म इकाई और सौर गर्म जल प्रणाली का उद्घाटन


गुवाहाटी ईएसआईसी अस्पताल में पंचकर्म इकाई और सौर गर्म जल प्रणाली का उद्घाटन


गुवाहाटी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के बेलतला स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ईएसआईसीएमसीएच) में पंचकर्म इकाई और सौर ऊर्जा चालित गर्म जल आपूर्ति प्रणाली का उद्घाटन ईएसआईसी की मेडिकल कमिश्नर (आयुष) एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र की मेडिकल कमिश्नर डॉ. अलका पाल ने किया।

ईएसआईसीएमसीएच के उप चिकित्सा अधीक्षक (आयुष) डॉ. पंकज कलिता ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उद्घाटन समारोह में मेडिकल कॉलेज के डीन प्रोफेसर (डॉ.) भास्कर बरगोहाईं, प्रोफेसर (डॉ.) मृगांक बरुवा, विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक एवं वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।

डॉ. कलिता ने बताया कि गुवाहाटी ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थापित पंचकर्म इकाई देशभर में हाल में स्वीकृत 11 पंचकर्म इकाइयों में से एक है। इसके शुरू होने से आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही ईएसआईसी के बीमित व्यक्तियों और उनके आश्रितों को समग्र एवं एकीकृत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मरीजों के लिए शुरू की गई सौर ऊर्जा चालित गर्म जल आपूर्ति प्रणाली पूरी तरह सौर ऊर्जा पर आधारित होगी। इससे ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा मिलने के साथ ईएसआईसी की ‘ग्रीन अस्पताल’ की अवधारणा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन के बाद डॉ. अलका पाल ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उनकी राय और अनुभव भी जाने। इसके अलावा विभागाध्यक्षों और एमबीबीएस विद्यार्थियों के साथ चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों, मरीजों की सेवाओं तथा बुनियादी ढांचे के विकास की स्थिति की जानकारी ली।

डॉ. कलिता ने कहा कि पंचकर्म इकाई और सौर ऊर्जा चालित गर्म जल आपूर्ति प्रणाली की शुरुआत के साथ ईएसआईसी ने अपने बीमित व्यक्तियों और लाभार्थियों को एकीकृत, टिकाऊ और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय