गुमिन मिज़े की प्रताड़ना में शामिल पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग
इटानगर, 30 मई (हि.स.)। अखिल अरुणाचल प्रदेश युवा संगठन (आपियो) ने शनिवार को नशा-विरोधी कार्यकर्ता गुमिन मिज़े को हिरासत में यातना देने में कथित रूप से शामिल सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की।
आपियो के अध्यक्ष किपा कानम ने आज अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिरासत में यातना देना मानवाधिकारों, भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रदत्त संवैधानिक सुरक्षा और पुलिस हिरासत में व्यक्तियों के साथ व्यवहार से संबंधित स्थापित दिशानिर्देशों का उल्लंघन है।
पुलिस हिरासत के दौरान मिज़े को कथित रूप से हुए गंभीर मानसिक आघात का हवाला देते हुए, संगठन ने उनके लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की।
उत्तर लखीमपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को सौंपे गए एक ज्ञापन में, आपियो ने दावा किया कि हिरासत में मिज़े को गंभीर चोटें आईं हैं।
संगठन के अनुसार, मिज़े की तस्वीरों में कथित तौर पर उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई चोट के निशान, नीले धब्बे और सूजन दिखाई दे रहा है, जिससे कथित हिरासत दुर्व्यवहार पर गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।
संगठन ने अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष और तटस्थ जांच करने और दोषियों को जवाबदेह ठहराने का आग्रह किया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

