गांव-गांव योग महाअभियान के तहत प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र वितरित
गुवाहाटी, 06 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री श्री गांवे गांवे योग महाअभियान के तहत कामरूप जिले में आयोजित 11 दिवसीय एकीकृत योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सोमवार को अमीनगांव स्थित एकीकृत उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में हुआ। समापन समारोह में कामरूप के जिला आयुक्त देब कुमार मिश्र ने कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को प्रशंसा-पत्र तथा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग को देशभर में व्यापक स्वीकार्यता मिली है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का शुभारंभ 21 जून, 2026 को असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सुवालकुची स्थित गांधी आश्रम से किया था। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के वर्ष 1946 में सुवालकुची आगमन के कारण इस ऐतिहासिक स्थल से अभियान की शुरुआत विशेष महत्व रखती है।
जिला आयुक्त ने विद्यालयों और महाविद्यालयों से विद्यार्थियों तथा आमजन के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अधिक योग केंद्र स्थापित होंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकेंगे। साथ ही प्रशिक्षुओं से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल को गांव-गांव तक पहुंचाकर योग को जन-जन का अभियान बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला आयुक्त (स्वास्थ्य) मोनिका बरगोहाईं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, आयुष मिशन के जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

