खटखटी विवेकानंद केंद्र में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
कार्बि आंगलोंग (असम), 04 सितम्बर (हि.स.)। राज्य के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ बोकाजान के खटखटी स्थित विवेकानंद केंद्र में भी आज भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
विवेकानंद केंद्र खटखटी एवं बोकाजान टाउन यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिहानाम के भक्तिमय प्रस्तुतीकरण के साथ हुआ।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और आनंद का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों, कर्मों और जीवन-दर्शन पर भी प्रकाश डाला गया। दिनभर चले कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
जन्माष्टमी समारोह के दौरान खटखटी विवेकानंद केंद्र में पूरे दिन भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण वातावरण बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

