कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने किया आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइजरों का सम्मान
गुवाहाटी 11 अक्टूबर (हि.स.)। तृणमूल स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में कामरूप (मेट्रो) जिले की आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइजरों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को औपचारिक मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जिले में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों की निष्ठा और योगदान के मान्यता स्वरूप उन्हें 1,000 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि और मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र (मानपत्र) प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डिमोरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कामारकुची उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ. तपन दास ने चेक और प्रशस्ति पत्र वितरित किए। वहीं, जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र के अधीन आजरा सार्वजनिक सभा भवन में आयोजित कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी हेमंत चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस पहल के माध्यम से डिमोरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 207 आशा कार्यकर्ताओं और 16 आशा सुपरवाइजरों को चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। दूसरी ओर, जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 158 आशा कार्यकर्ताओं और 5 आशा सुपरवाइजरों को चेक और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

