एसएसबी की प्रथम वाहिनी में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ
गुवाहाटी, 14 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी मुख्यालय में सोमवार को हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट वीरेंद्र सिंह मेहरा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उप कमांडेंट वीरेंद्र सिंह मेहरा ने एसएसबी मुख्यालय, नई दिल्ली के महानिदेशक का संदेश पढ़कर बल कार्मिकों को संबोधित किया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर देते हुए अधिकारियों और जवानों से पत्राचार, टिप्पणियों, रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों में हिंदी का इस्तेमाल बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हिंदी केवल राजभाषा नहीं, बल्कि देश की विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी भी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
हिंदी पखवाड़े के दौरान वाहिनी में राजभाषा हिंदी से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें अधिक से अधिक बल कार्मिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों और बल कार्मिकों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा इसके प्रचार-प्रसार के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बल कार्मिक मौजूद रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

