home page

एएसबीएसी ने इटानगर में शांतिपूर्ण रैली निकालकर एपीएसटी को कड़ाई से लागू करने की मांग की

 | 

इटानगर, 24 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश अनुसूचित जनजाति (एपीएसटी) प्रमाणन नियमों को कड़ाई से कार्यान्वयन और इनर लाइन परमीट (आईएलपी) प्रणाली को मजबूत करने की मांग को लेकर अरुणाचल अनुसूचित जनजाति बचाओ आंदोलन समिति (एएसबीएसी) ने मंगलवार को राजधानी इटानगर में एक शांतिपूर्ण रैली निकाली साथ ही दो दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान भी किया।

राजधानी के आकाशदीप बाजार से शुरू होकर आईजी पार्क के पास टेनिस कोर्ट पर समाप्त हुई इस रैली में समाज के सभी वर्गों के सैकड़ों लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

बैनर और पोस्टर पर लिखे नारों में मुख्य रूप से लिखा था बांग्लादेश वापस जाओ, अरुणाचल बचाओ। उन्होंने साप्ताहिक बाजार को फिर से खोलने की भी मांग की और राज्य सरकार से जल्द से जल्द अपनी मांगों को पूरा करने का आह्वान किया।

समिति ने 25 मार्च तक टेनिस कोर्ट परिसर में अपना धरना जारी रखने का आह्वान किया। उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है कि यदि पति या पत्नी एपीएसटी नहीं हैं तो मातृ वंश के आधार पर एपीएसटी का दर्जा या प्रमाण पत्र नहीं दिया जाना चाहिए, और अंतर-राज्यीय व्यापार और साप्ताहिक बाजार प्रणाली को नियमित किया जाना चाहिए।

एएसबीसी ने कहा कि वह राज्य की स्वदेशी आदिवासी आबादी के अधिकारों, पहचान और हितों की रक्षा के लिए लगातार इन मुद्दों को उठाता रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी