home page

ई-20 का विरोध केवल चुनावी प्रचार, तथ्यहीन अभियान: असम भाजपा

 | 
ई-20 का विरोध केवल चुनावी प्रचार, तथ्यहीन अभियान: असम भाजपा


गुवाहाटी, 08 जुलाई (हि.स.)। असम भाजपा ने ई-20 (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) के विरोध को विपक्ष का चुनावी प्रचार करार देते हुए कहा है कि बिना तथ्यों के इसे मुद्दा बनाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट अचिंत्य प्राण शर्मा ने कहा कि ई-20 के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान केवल आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन की अवधारणा नई नहीं है। भारत में इसकी शुरुआत तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में हुई थी और भाजपा सरकार ने वर्ष 2025 से वाहनों के इंजनों को ई-20 के अनुरूप विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए। ऐसे में कांग्रेस द्वारा इस नीति का विरोध करना नैतिक रूप से उचित नहीं है।

भाजपा ने कहा कि अमेरिका, ब्राज़ील, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और थाईलैंड जैसे कई देशों में इथेनॉल मिश्रित ईंधन का व्यापक उपयोग हो रहा है। इससे पेट्रोलियम आयात में कमी, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिली है। भारत भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

पार्टी ने कहा कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों का बड़ा आयातक देश है। ऐसे में ई-20 के उपयोग से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी। भाजपा ने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता को गुमराह करने के लिए इस विषय को चुनावी मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहा है, जबकि देशहित में यह एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश