आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत कोकराझार के 109 उद्यमियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
गुवाहाटी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत कोकराझार जिला प्रशासन ने जिले के 109 चयनित उद्यमियों को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की पहल की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्य के युवाओं को आर्थिक सहायता के साथ उचित प्रशिक्षण, तकनीकी ज्ञान और उपयुक्त अवसर उपलब्ध कराए जाने पर वे आत्मनिर्भर असम के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत कोकराझार के 58 उद्यमी पहले ही प्रमुख संस्थानों में सुअर पालन, मछली पालन और बकरी पालन के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देना तथा उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक कौशल और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

