home page

असमः राम मंदिर की तर्ज पर बना पांडू जयहिंद क्लब का दुर्गापूजा मंडप

 | 

गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा को लेकर गुवाहाटी के रेल नगरी पांडू-मालीगांव के लोगों में उत्साह जोरों पर है। इस इलाके का एक लोकप्रिय पूजा मंडप 'पांडू न्यू कॉलोनी जयहिंद क्लब' है जो सज-धजकर पूरी तरह से तैयार हो रहा है। इस वर्ष अपनी 80वीं दुर्गापूजा के अवसर पर क्लब का पूजा मंडप एक अनूठी थीम पर सजाया गया है। लगभग 40 लाख रुपये के बजट से अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर इस बार पूजा मंडप का निर्माण किया गया है।

राजदीप डेकोरेटर्स के बिप्लव सिन्हा (कालू) के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के एक विशेष दल ने मंडप निर्माण का कार्य किया है। इस मंडप के भीतर 17 फीट ऊंची देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार बाप्पी ने किया है। मंडप और प्रतिमा की सुंदरता को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए बापन डे द्वारा विशेष त्रि-आयामी (3डी) प्रकाश व्यवस्था की जा रही है।

पूजा के समग्र संचालन के लिए पहले ही कल्लोल चक्रवर्ती को अध्यक्ष, राजा दे को उपाध्यक्ष और उत्पल दास को सचिव बनाते हुए एक समिति का गठन कर लिया गया है।

क्लब के पदाधिकारियों की ओर से यह जानकारी दी गई है कि पूजा के दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही, गरीब और असहाय लोगों के बीच वस्त्र वितरण तथा महाअष्टमी व महानवमी के दिन दर्शकों के बीच प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर