home page

असम पुलिस में अगले पांच वर्षों में 20 हजार नई नियुक्तियां होंगी : मुख्यमंत्री

 | 
असम पुलिस में अगले पांच वर्षों में 20 हजार नई नियुक्तियां होंगी : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। असम पुलिस में अगले पांच वर्षों में 20 हजार नए पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही आगामी 1 फरवरी से असम पुलिस के 5,774 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को गोलाघाट जिले के देरगांव स्थित लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी में आयोजित दीक्षांत समारोह में यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम पुलिस में जल्द ही नए पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा तथा नई बटालियन का भी गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की भर्ती परीक्षाओं के केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे राज्य के युवाओं को भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के लिए सुविधा मिलेगी।

लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी में आयोजित दीक्षांत समारोह में संचार शाखा के आठ उपनिरीक्षकों तथा सशस्त्र शाखा के 1,653 पुलिस जवानों ने प्रशिक्षण पूरा किया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रशिक्षित पुलिस जवानों ने परेड में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने असम पुलिस के अधिकारियों और जवानों को कड़े निर्देश देते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, जवाबदेही और पेशेवर कार्यशैली बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनता की सेवा के प्रति समर्पित रहने तथा पुलिस बल की गरिमा और जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश