अमृत भारत स्टेशन योजना से यात्री सुविधाओं में विस्तार
कोकराझार (असम), 28 अगस्त (हि.स.)। अगस्त 2025 से अगस्त 2026 के दौरान अलीपुरद्वार मंडल, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने यात्री सुविधाओं, स्टेशन पुनर्विकास, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल में रेलवे सेवाओं को आधुनिक एवं सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ सुरक्षा और परिचालन दक्षता को भी प्राथमिकता दी गई है।
प्रधानमंत्री द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित कामाख्यागुड़ी और जलपाईगुड़ी रोड स्टेशनों को क्रमशः 14 मार्च ,2026 और 17 जुलाई, 2026 को राष्ट्र को समर्पित किया गया। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दिनहाटा स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसके उद्घाटन की उम्मीद है। वहीं, न्यू कूचबिहार स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 43.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अलीपुरद्वार जंक्शन स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य भी रेलवे बोर्ड स्तर पर प्रक्रिया में है।
लेवल क्रॉसिंग हटाकर सुरक्षा को मिली मजबूती
यात्रियों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंडल में 5 लेवल क्रॉसिंग गेट को आरओबी/आरयूबी के निर्माण के माध्यम से समाप्त किया गया है। दलगांव स्टेशन के निकट लेवल क्रॉसिंग संख्या एसके-155 पर रेलवे खर्च से रोड ओवर ब्रिज के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, घोरामारा लेवल क्रॉसिंग गेट को हटाकर कामाख्यागुड़ी रेलवे स्टेशन के निकट आरओबी निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है।
नई ट्रेनों से बढ़ी कनेक्टिविटी
अलीपुरद्वार मंडल से होकर कई नई ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से—
एपीडीजे-एसएमवीबी अमृत भारत एक्सप्रेस — 17 जनवरी, 2026
एपीडीज–पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस — 17 जनवरी, 2026
ेवाईक्यू-एचडब्ल्यूएच वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस — 17 जनवरी, 2026
कामाख्या–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस — 18 जनवरी, 2026
डिब्रूगढ़–गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस — 18 जनवरी, 2026
जेपीई-एसडीएएच हमसफर एक्सप्रेस — 14 जून, 2025
केवाईक्यू-सीएचएड अमृत भारत एक्सप्रेस — 13 मार्च, 2026
एनजेपी-जीएचवाई आईसी एक्सप्रेस — 13 मार्च, 2026
स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार
मंडल के 15 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर 21 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) स्थापित की गई हैं। यात्रियों की प्लेटफॉर्म के बीच सुगम आवाजाही के लिए जलपाईगुड़ी रोड, धुबड़ी और न्यू अलीपुरद्वार में 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज पूरे किए गए हैं। वहीं कामाख्यागुड़ी और जलपाईगुड़ी रोड स्टेशनों पर 4 लिफ्ट चालू की गई हैं।
न्यू कूचबिहार, जलपाईगुड़ी रोड और धूपगुड़ी जैसे तीन प्रमुख स्टेशनों पर मशीनीकृत सफाई व्यवस्था शुरू की गई है। सात स्टेशनों पर 8 पे एंड यूज शौचालय बनाए गए हैं, जबकि 14 स्टेशनों पर नई पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सिग्नलिंग और परिचालन में भी सुधार
मंडल में 5 मिड-सेक्शन लेवल क्रॉसिंग गेट पर गेट सिग्नल और स्लाइडिंग बूम के साथ इंटरलॉकिंग शुरू की गई है। साथ ही बनरहाट–कैरोन सेक्शन के बीच सिंगल लाइन इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग को 13/14 सितंबर 2025 को कमीशन किया गया।
आय में भी दर्ज हुई वृद्धि
वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंडल की आय में 3.83 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2024-25 में जहां आय ₹624.38 करोड़ थी, वहीं 2025-26 में यह बढ़कर ₹601.34 करोड़ रही है।
इन उपलब्धियों के माध्यम से अलीपुरद्वार मंडल ने आधुनिक यात्री सुविधाओं, सुरक्षित रेल परिचालन, बेहतर कनेक्टिविटी और स्टेशन अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

