home page

अंबुबासी महायोग के अवसर पर पांडु–मालीगांव में विशेष तैयारियां

 | 
अंबुबासी महायोग के अवसर पर पांडु–मालीगांव में विशेष तैयारियां


गुवाहाटी, 14 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के नीलाचल पहाड़ पर स्थित कामाख्या मंदिर में अंबुबासी महायोग को लेकर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी व्यापक तैयारियां शुरू की गई हैं। कामाख्या मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने के कारण विभिन्न सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसको ध्यान में रखते हुए अंबुबासी महायोग के लिए आवश्यक सभी तैयारियों का कार्य पहले ही शुरू कर दिया गया है।

कामाख्या रेलवे स्टेशन के समीपवर्ती क्षेत्र तथा पांडु पोर्ट में अस्थायी शिविरों के निर्माण का कार्य जारी है। इन शिविरों में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जाएगी। सरकारी एवं गैर-सरकारी विभिन्न संगठनों के सहयोग से ये सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

आवास और भोजन व्यवस्था के साथ-साथ निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं तथा स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) द्वारा नालियों की सफाई, फुटपाथों की स्वच्छता तथा सड़कों के रंग-रोगन का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।

अंबुबासी महायोग के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन तथा विभिन्न संस्थाएं समन्वय के साथ तैयारियों में जुटी हुई हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर