अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में मैराथन दौड़ का आयोजन
इटानगर, 07 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश महिला एवं बाल विकास विभाग (डब्ल्यूसीडी) ने आज राजधानी इटानगर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल मैराथन दौड़ का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के संदेश को व्यापक बनाना और राज्य भर में महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को उजागर करना था।
यह दौड़ इंदिरा गांधी पार्क स्थित डोर्जी खांडू कन्वेंशन सेंटर से शुरू हुई, जिसमें उत्साही छात्रों से लेकर अनुभवी वरिष्ठ नागरिकों और, विभिन्न पृष्ठभूमि के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को दो मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया था: एक प्रतिस्पर्धी 10 किमी की मैराथन और एक 5 किमी की फन रन, जिससे सभी स्तर की महिलाएं इस उत्सव में शामिल हो सकें।
डब्ल्यूसीडी आयुक्त न्याली एटे ने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, डब्ल्यूसीडी विभाग के निदेशक चादन तांगजांग के साथ दौड़ में भाग लिया।
दौड़ के बाद मीडिया से बाचतीच करते हुए आयुक्त एटे ने कहा, “हमारा लक्ष्य महिलाओं को हर क्षेत्र में नेतृत्व करते देखना है, चाहे वह खेल हो या कार्यबल।” उन्होंने कहा कि आज का मैराथन तो बस शुरुआत है, उत्सव की रौनक बनाए रखने के लिए अगले दिन साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा।
निदेशक चादान तांगजांग ने भी इस भावना को दोहराते हुए राज्य की महिलाओं से खेलों को आत्म-अभिव्यक्ति और प्रतिभा के सशक्त माध्यम के रूप में अपनाने का आग्रह किया।
यह आयोजन महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रमुख पहल, मिशन शक्ति के लिए एक मंच के रूप में भी कार्य करता है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने यह भी घोषणा की कि आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में महिला उपलब्धि पुरस्कार योजना भी शामिल होगी, जो अपने-अपने क्षेत्रों में बाधाओं को तोड़ने वाली स्थानीय अग्रणी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए समर्पित एक समारोह है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

