जुबीन क्षेत्र के विकास का कार्य शुरू, सांस्कृतिक केंद्रों के प्रस्ताव पर सरकार करेगी विचार
गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार ने गुरुवार को विधानसभा को बताया कि दिवंगत गायक-संगीतकार जुबीन गर्ग की स्मृति में सोनापुर में 'जुबीन क्षेत्र' के विकास का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए 10 बीघा 1 कठा सरकारी भूमि हस्तांतरित की गई है और 3.19 करोड़ रुपये की लागत से सीमा दीवार का निर्माण जारी है, जिसमें लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
सांस्कृतिक मामलों के मंत्री बिमल बोरा ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जुबीन गर्ग की स्मृति में आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र और अत्याधुनिक सभागार स्थापित करने के प्रस्ताव पर धन उपलब्धता के आधार पर उचित समय पर विचार किया जाएगा। इन केंद्रों में संगीत, नृत्य, रंगमंच और अन्य सांस्कृतिक विधाओं का निःशुल्क प्रशिक्षण देने की भी योजना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

