home page

जुबीन गर्ग की जयंती पर मुख्यमंत्री हिमंत ने जुबीन क्षेत्र के प्रथम चरण के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर किए

 | 
जुबीन गर्ग की जयंती पर मुख्यमंत्री हिमंत ने जुबीन क्षेत्र के प्रथम चरण के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर किए


गुवाहाटी, 18 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को प्रख्यात गायक जुबीन गर्ग की जयंती के अवसर पर उनकी स्मृति में प्रस्तावित ‘जुबीन क्षेत्र’ के प्रथम चरण के कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जुबीन क्षेत्र आने वाली पीढ़ियों को महान गायक के जीवन, संगीत और रचनात्मक योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह स्मारक भविष्य की पीढ़ियों को जुबीन गर्ग की कलात्मक विरासत को करीब से जानने और उनकी रचनाओं का अनुभव करने का अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जुबीन की कला और संगीत की सुगंध आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचनी चाहिए। इस स्मारक की परिकल्पना एक ऐसे विशेष स्थल के रूप में की गई है, जहां लोग गायक के सांस्कृतिक और संगीत संबंधी योगदान को समझ सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि जुबीन गर्ग का संगीत और असमिया संस्कृति में उनका योगदान आज भी राज्य के लोगों के साथ-साथ देश-विदेश में उनके प्रशंसकों के बीच गहरी छाप छोड़े हुए है। प्रथम चरण के लिए 15 करोड़ रुपये की मंजूरी उनके सम्मान में स्थायी स्मारक स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश