कांग्रेस कार्यालय में प्रयात कलाकार जुबीन गर्ग का अपमान
चिरांग/नलबाड़ी (असम), 22 मार्च (हि.स.)। असम में कांग्रेस के भीतर जारी अंतर्कलह के बीच लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग का अपमान किए जाने का मामला सामने आया है। चिरांग जिले के बिजनी स्थित थुरिबाड़ी–सुबाईझार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कुछ लोगों द्वारा जुबीन गर्ग के चित्र को पैर से ठोकर मारने की घटना ने विवाद को और बढ़ा दिया है।
बताया गया है कि 20 नंबर बिजनी विधानसभा क्षेत्र में टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे। इसी गुस्से में उन्होंने कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और उक्त घटना को अंजाम दिया।
वहीं, नलबाड़ी जिला कांग्रेस में भी अंतर्कलह खुलकर सामने आया है। राजीव भवन परिसर में “दिगंत बर्मन मुर्दाबाद” और “अशोक शर्मा मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कुर्सियां तोड़ दीं और कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया।
सूत्रों के अनुसार, यह पूरा विवाद जिला अध्यक्ष के प्रभारी नियुक्ति को लेकर उत्पन्न हुआ है, जिससे पार्टी के भीतर गुटबाजी और असंतोष स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

