सोनापुर के जुबीन क्षेत्र में जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि पर तीन दिवसीय कार्यक्रम
गुवाहाटी, 16 सितंबर (हि.स.)। असम के लोकप्रिय कलाकार एवं गायक जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर सोनापुर स्थित जुबीन क्षेत्र में 17 से 19 सितंबर तक तीन दिवसीय स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। असम सरकार के सांस्कृतिक निदेशालय की पहल पर कलागुरु आर्टिस्ट्स फाउंडेशन के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक सर्वधर्म प्रार्थना के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से नाम-प्रसंग का आयोजन किया जाएगा। 18 सितंबर को गीत-संगीत के माध्यम से जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी जाएगी और उनके योगदान को याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 19 सितंबर की सुबह भागवत पाठ आयोजित होगा। वहीं, शाम को भाओना का मंचन किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए जुबीन गर्ग की स्मृति और असम के कला एवं संगीत क्षेत्र में उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

