home page

कोकराझार में जुबीन गर्ग की 54वीं जयंती पर ‘नाहर दिवस’ का आयोजन

 | 
कोकराझार में जुबीन गर्ग की 54वीं जयंती पर ‘नाहर दिवस’ का आयोजन


कोकराझार में जुबीन गर्ग की 54वीं जयंती पर ‘नाहर दिवस’ का आयोजन


हाग्रामा मोहिलारी ने कहा—जुबीन गर्ग असम की पहचान और जनभावनाओं का प्रतीक; कोकराझार में हर वर्ष मनाई जाएगी जयंती

कोकराझार (असम), 18 नवम्बर (हि.स.)। असम के महान गायक, संगीतकार एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्व जुबीन गर्ग की 54वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को कोकराझार के चांदमारी स्थित जुबीन क्षेत्र में ‘नाहर दिवस’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) प्रमुख हग्रामा मोहिलारी ने उपस्थित होकर दिवंगत कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में जुबीन गर्ग के संगीत, संस्कृति और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जुबीन गर्ग के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनके अमर संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर जुबीन गर्ग के लोकप्रिय गीत ‘मायाबिनी’ का सामूहिक गायन भी किया गया, जिसमें प्रसिद्ध बोडो गायिका सुलेखा बसुमतारी ने भाग लेकर श्रद्धांजलि को भावुक एवं यादगार बना दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए बीटीसी प्रमुख मोहिलारी ने कहा कि जुबीन गर्ग का जीवन, उनके आदर्श और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों, विशेषकर युवाओं को प्रेरित करती रहेंगी। असमिया संगीत, संस्कृति और समाज के लिए उनके अमूल्य योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी रचनाएं और विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। उन्होंने घोषणा की कि जुबीन गर्ग की जयंती प्रत्येक वर्ष कोकराझार में मनाई जाएगी।

जुबीन गर्ग के व्यक्तित्व एवं योगदान को याद करते हुए मोहिलारी ने कहा, “जुबीन गर्ग केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक भावना, एक पहचान और असम की धड़कन हैं। उनकी स्मृतियां और योगदान प्रत्येक असमिया के हृदय में अमर रहेंगे।”

उन्होंने बताया कि कोकराझार में जुबीन पार्क के विकास के लिए 30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और इस परियोजना को दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा कोकराझार में भूपेन हजारिका पार्क के विकास के लिए बीटीसी की ओर से 10 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

शांति, एकता एवं सामाजिक सद्भाव पर जोर देते हुए बीटीसी प्रमुख ने कहा कि सतत विकास तभी संभव है, जब सभी समुदाय आपसी सम्मान और भाईचारे के साथ रहें। प्रत्येक जातीय समूह, समुदाय एवं समाज के सभी वर्गों को विकास प्रक्रिया में समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीटीसी सरकार क्षेत्र के सभी समुदायों के उत्थान एवं सशक्तिकरण और विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मोहिलारी ने लोगों से क्षेत्र के विकास के लिए सामूहिक सहयोग की अपील करते हुए शांति, एकता और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी सम्मान, सहयोग और एकजुटता के माध्यम से बीटीसी क्षेत्र विकास, समृद्धि एवं प्रगति की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।

कार्यक्रम में विधायक रूपम चंद्र राय ने कहा कि जुबीन गर्ग अपने गीतों एवं संगीत रचनाओं के माध्यम से हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि कई पीढ़ियां जुबीन के गीत सुनते हुए बड़ी हुई हैं और उनका संगीत जाति, समुदाय एवं धर्म की सीमाओं से परे लोगों को जोड़ता रहा है।

जुबीन गर्ग के प्रसिद्ध कथन ‘मुर कुनु जाति नाइ, मुर कुनु धर्म नाइ’ का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि उनका संगीत समावेशिता, भाईचारे और एकजुटता का संदेश देता था। उन्होंने जुबीन गर्ग और बीटीसी प्रमुख हग्रामा मोहिलारी की घनिष्ठ मित्रता को याद करते हुए क्षेत्र एवं समाज के कल्याण और विकास में जुबीन के योगदान की भी सराहना की।

समारोह में एमसीएलए जुबिराज बसुमतारी, कार्यकारी सदस्य दरहासात बसुमतारी, प्रकाश बसुमतारी, कर्मेश्वर राय, अतिरिक्त प्रधान सचिव प्रंजीत वारि, जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी, कलाकार एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा