home page

जुबीन गर्ग को न्याय मिलेगा, फास्टट्रैक अदालत में तेजी से चल रही सुनवाई: मुख्यमंत्री सरमा

 | 
जुबीन गर्ग को न्याय मिलेगा, फास्टट्रैक अदालत में तेजी से चल रही सुनवाई: मुख्यमंत्री सरमा


गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि जुबीन गर्ग को न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में फास्टट्रैक अदालत में तेजी से सुनवाई चल रही है और प्रतिदिन विभिन्न गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में न्यायिक प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि असम सरकार ने राज्य से बाहर हिमाश्री बोड़ो की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत की जांच की मांग की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मामले की उचित जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

मुख्यमंत्री ने हिमाश्री बोड़ो के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मौत की उचित जांच कराई जाएगी। वे इस दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महान संगीतकार एवं सांस्कृतिक हस्ती भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी समारोह का समापन कार्यक्रम 29 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह के माध्यम से भारतीय संगीत एवं संस्कृति में भूपेन हजारिका के उल्लेखनीय योगदान को याद किया जाएगा।

उन्होंने इस दौरान अखिल गोगोई पर बाढ़ प्रभावित परिवारों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने ऊपरी असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की स्थिति को लेकर राइजर दल के नेता अखिल गोगोई की आलोचना की।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अखिल गोगोई बाढ़ प्रभावित परिवारों की परेशानियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर गोगोई की राजनीतिक गतिविधियों के कारण बाढ़ पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया में देरी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ में सब कुछ गंवा चुके परिवारों की परेशानी को राजनीतिक लाभ का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अखिल गोगोई पर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के मुद्दे पर राजनीति करने से बचना चाहिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश