जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि पर असम में भावभीनी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। असम के लोकप्रिय गायक और संगीतकार जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। प्रशंसकों, विद्यार्थियों और संगीत प्रेमियों ने उनके गीतों और संगीत विरासत को याद किया।
नूनमाटी स्थित असम जातीय विद्यालय में ‘जुबीन दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर करीब 2,600 छात्र-छात्राओं ने एक साथ ‘दिया घुराई दिया’ गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग भी उपस्थित रहीं।
वहीं, ‘जुबिन क्षेत्र’ जुबीन के गीतों से गूंज उठा और माहौल भावुक हो गया। अपने प्रिय कलाकार को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक वहां पहुंचे। जुबीन के गीतों की प्रस्तुतियों के बीच उनके प्रशंसकों ने उन्हें याद किया।
मंगलदै इलेक्ट्रॉनिक मीडिया फोरम और प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘जुबीन दिवस’ के अवसर पर प्रभात फेरी भी निकाली गई। इसमें शामिल होकर मंत्री नीलिमा देवी ने कहा कि जुबीन के निधन के बाद उनके प्रत्येक गीत का अर्थ लोगों के दिल को छू रहा है।
काहिलीपारा स्थित जुबीन गर्ग के आवास पर उनकी प्रतिमा को फूलों से सजाया गया। पहली पुण्यतिथि पर लोगों ने ‘लुइत कंठ’ जुबीन गर्ग को याद करते हुए कहा कि उनकी आवाज, सुर और संगीत की विशिष्टता हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

