home page

फकीराग्राम में आज मनाया जा रहा ‘जुबिन दिवस’

 | 
फकीराग्राम में आज मनाया जा रहा ‘जुबिन दिवस’


कोकराझार (असम), 19 सितम्बर (हि.स.)। फकीराग्राम स्वर्ण शाखा साहित्य सभा एवं फकीराग्राम कला-संस्कृति विकास मंच के संयुक्त तत्वावधान में आज ‘जुबिन दिवस’ मनाया जा रहा। असमिया संगीत एवं सांस्कृतिक जगत के लोकप्रिय कलाकार जुबिन गर्ग की कला-साधना, रचनात्मकता तथा असमिया समाज एवं संस्कृति के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार आज शाम 5 बजे से फकीराग्राम के शहीद वेदी परिसर में जुबिन दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जुबिन गर्ग के संगीत एवं सांस्कृतिक योगदान को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही उनकी रचनाओं के माध्यम से नई पीढ़ी में असमिया भाषा, संगीत और संस्कृति के प्रति रुचि एवं जुड़ाव बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

जुबिन गर्ग ने असमिया संगीत को देश-विदेश के विभिन्न मंचों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके गीतों, संगीत और रचनात्मक कार्यों ने असम की युवा पीढ़ी के बीच विशेष प्रभाव छोड़ा है तथा असमिया संगीत को व्यापक पहचान दिलाने में योगदान दिया है। इसी उद्देश्य से आयोजित ‘जुबिन दिवस’ के माध्यम से उनके सांस्कृतिक योगदान को स्मरण करने के साथ-साथ उनकी रचनाओं से नई पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजक समिति ने कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, साहित्य एवं संस्कृति से जुड़े लोगों तथा संगीतप्रेमियों से उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा