home page

तुरा में दो दिवसीय ‘यूथ पार्लियामेंट 2026’ का शुभारंभ

 | 
तुरा में दो दिवसीय ‘यूथ पार्लियामेंट 2026’ का शुभारंभ


तुरा (मेघालय), 03 मार्च, (हि.स.)। मेघालय विधानसभा के संरक्षण में युवा नेतृत्व को विकसित करने के उद्देश्य से तुरा में द्विदिवसीय ‘यूथ पार्लियामेंट 2026’ का शुभारंभ हुआ। तुरा क्रिश्चियन कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की पहल पर मंगलवार को जिला ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेघालय विधानसभा के अध्यक्ष थामस ए संगमा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। ‘द वॉयस ऑफ यूथ: शेपिंग द फ्यूचर ऑफ गवर्नेंस’ विषयक इस आयोजन में शासन व्यवस्था पर चर्चा के लिए विद्यार्थी, शिक्षक तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में थॉमस ए. संगमा ने इस पहल को तुरा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने के लिए कॉलेज एवं आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधानसभा वह मंच है जहां जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श, प्रश्नोत्तर और समाधान की दिशा में पहल की जाती है। यूथ पार्लियामेंट विद्यार्थियों को इसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करेगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रकार का मंच कानून निर्माण, बहस और निर्णय लेने की वास्तविक समझ विकसित करता है तथा टकराव के बजाय संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देता है। उन्होंने प्रतिभागियों से सत्यनिष्ठा और सेवा की भावना के साथ नेतृत्व विकसित करने का आह्वान किया तथा ‘1 टिमोथी 4:12’ का उल्लेख करते हुए वाणी, आचरण, प्रेम, विश्वास और पवित्रता के माध्यम से उदाहरण प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी।

पूर्व आयुक्त एवं विधानसभा के विधि सलाहकार डॉ. एंड्रयू साइमन्स ने विद्यार्थियों के अनुशासन, शोध क्षमता और परिपक्वता की प्रशंसा करते हुए यूथ पार्लियामेंट को नागरिकता और संसदीय आचरण सीखने का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण मंच बताया।

बुधवार को समापन सत्र में राज्यसभा सदस्य वानवेराय खारलुखी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में एमसीएस अधिकारी माলथस एस. संगमा शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश