बानरगांव में युवा महोत्सव–2026 का थीम सॉन्ग लॉन्च
कोकराझार (असम), 11 अक्टूबर (हि.स.)। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) की ओर से आगामी युवा महोत्सव–2026 के आयोजन की तैयारियों के बीच रविवार को कोकराझार के बानरगांव खेल मैदान में महोत्सव का थीम सॉन्ग औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। आगामी महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक के दौरान बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के कार्यकारी सदस्य प्रकाश बसुमतारी और कर्मेश्वर राय तथा बीटीसी के एमसीएलए जुबिराज बसुमतारी ने संयुक्त रूप से थीम सॉन्ग का लोकार्पण किया।
इस थीम सॉन्ग को प्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक शत्राजित नार्जारी ने लिखा, इसकी धुन तैयार की और संगीत संयोजन किया है। गीत को ग्रेसी ब्रह्म, दैजी दास, शत्राजित नार्जारी और जनक बोडो ने अपनी आवाज दी है। इन कलाकारों की सहभागिता से तैयार यह गीत आगामी युवा महोत्सव के लिए विशेष सांस्कृतिक पहचान के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
महोत्सव को एक साझा सांस्कृतिक और संगीतात्मक पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि बीपीएफ की विभिन्न जिला समितियों द्वारा आयोजित सभी युवा महोत्सवों में इसी थीम सॉन्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में एकरूपता बनाए रखने के साथ-साथ महोत्सव की सामूहिक पहचान को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
थीम सॉन्ग के लोकार्पण के अवसर पर बीपीएफ की केंद्रीय समिति और विभिन्न जिला समितियों के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में आगामी युवा महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

