home page

कोकराझार में भव्य रैली के साथ चार दिवसीय यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ

 | 

-हग्रामा महिलारी ने की युवाओं के लिए कई अहम घोषणाएं

कोकराझार (असम), 12 अक्टूबर (हि.स.)। बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें खेल, शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को कोकराझार में चार दिवसीय यूथ फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) की कोकराझार जिला समिति के तत्वावधान में 12 से 15 अक्टूबर तक आयोजित इस युवा महोत्सव की शुरुआत खगराबाड़ी खेल मैदान से बनारगांव खेल मैदान तक निकाली गई रैली के साथ हुई।

बनारगांव खेल मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) प्रमुख हग्रामा महिलारी ने विधिवत रूप से महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बीटीसी के कार्यकारी सदस्य देरहासाथ बसुमतारी, प्रकाश बसुमतारी और कर्मेश्वर राय, बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपम चंद्र राय, युवा बीपीएफ अध्यक्ष रिंजय बोडो सहित बीपीएफ की केंद्रीय एवं जिला समितियों के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रैली में विभिन्न खेल, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों में भाग लेने वाले युवाओं के साथ बीपीएफ के नेताओं एवं सदस्यों ने हिस्सा लिया। रैली के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। चार दिवसीय महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेलकूद, कला-संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए एक साझा मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

काक्रम से इतर मीडिया से बात करते हुए महिलारी ने कहा कि चुनाव के दौरान युवाओं के विकास को लेकर किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में बीपीएफ के नेतृत्व वाली बीटीसी परिषद सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से कोकराझार सहित बीटीआर के विभिन्न क्षेत्रों में युवा महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए महिलारी ने कहा कि यूपीएससी और एपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर मुख्य परीक्षा के लिए अर्हता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि नीट और जेईई जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों की सहायता के लिए भी कोचिंग केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है। इन पहलों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है।

तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के संबंध में उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 537 विद्यार्थियों को विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में निःशुल्क प्रवेश दिलाने की व्यवस्था की गई है। इससे युवाओं को तकनीकी कौशल हासिल करने और भविष्य में रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

महोत्सव के पहले दिन एथलेटिक्स, कबड्डी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों को भी महोत्सव का हिस्सा बनाया गया है। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, रचनात्मकता, अनुशासन, आपसी सहयोग और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

कोकराझार के बनारगांव और खगराबाड़ी खेल मैदानों में आयोजित यह यूथ फेस्टिवल 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ-साथ शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा