नलबाड़ी में युवक की हत्या, किशोरी गंभीर रूप से घायल
नलबाड़ी (असम), 01 जून (हि.स.)। असम के नलबाड़ी जिले के गंगापुर क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है। तेजधार हथियार से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और किशोरी स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने कथित रूप से उनका रास्ता रोककर उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान माधुर्य बर्मन के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल किशोरी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि आरोपितों ने किशोरी पर विवाह के लिए दबाव बनाया था तथा उसकी असहमति के बाद उसे धमकियां भी दी थीं। आरोप है कि विवाह से इनकार करने पर ही यह हमला किया गया।
घटना के बाद पूरे गंगापुर क्षेत्र सहित नलबाड़ी जिले में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपितों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

