कछार में 4.8 करोड़ रुपये की 12 हजार याबा टैबलेट जब्त, एक गिरफ्तार
कछार (असम), 03 नवंबर (हि.स.)। असम के कछार जिले में पुलिस ने 38वीं असम राइफल्स के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 12 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त की हैं। जब्त टैबलेट की अनुमानित कीमत 4.8 करोड़ रुपये बताई गई है। इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
कछार के पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विशेष खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने चिंकुरी बाईपास के पास एक स्कूटी को रोककर तलाशी ली। स्कूटी (एएस-11-एबी-7634) की डिक्की में छिपाकर रखी गई 12 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की गईं।
इस मामले में स्कूटी चालक की पहचान सिलचर के कनकपुर पार्ट-2 निवासी नजरुल इस्लाम लस्कर के रूप में हुई है। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, जब्ती की पूरी प्रक्रिया एनडीपीएस अधिनियम के निर्धारित प्रावधानों के तहत पूरी की गई। कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई तथा स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

