कछार में ट्रक से 10 करोड़ रुपये की याबा टैबलेट जब्त, एक गिरफ्तार
कछार (असम), 18 अगस्त (हि.स.)। असम के कछार जिले के दिघरखाल में पुलिस ने एक ट्रक से करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की 50 हजार याबा टैबलेट जब्त की हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिघरखाल स्थित पुराने एमवीआई चेक पॉइंट पर जांच के दौरान ट्रक के एक गुप्त खाने से याबा टैबलेट बरामद की गईं।
मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई के लिए कछार पुलिस और असम पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा, हम्प्टी डम्प्टी बुरी तरह गिरे थे। वैसे ही यह ड्रग्स की खेप भी पकड़ी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चलाए जा रहे ‘असम अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
पुलिस ने जब्त याबा टैबलेट को कब्जे में लेकर गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क और खेप के स्रोत तथा गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

