गुवाहाटी में विश्व जनसंख्या दिवस मनाया गया
गुवाहाटी, 11 जुलाई (हि.स.)। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को कामरूप महानगर जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कामरूप महानगर जिला स्वास्थ्य समिति की पहल पर धीरेनपारा एफआरयू में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. भूपेंद्र कुमार भुइयां ने किया।
इस अवसर पर डॉ. भुइयां ने जिले के पात्र दंपत्तियों से अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी उपाय अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन स्वस्थ एवं संतुलित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
18 जुलाई तक चलने वाले जनसंख्या नियंत्रण अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य समिति परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र दंपत्तियों को परिवार नियोजन संबंधी अस्थायी साधनों के साथ-साथ जागरूकता सामग्री भी वितरित करेंगी।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मृदुल भारती नाथ, धीरेनपारा एफआरयू के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. रक्तिम तामुली, आईपीएएस फाउंडेशन के स्पेशलिस्ट हेल्थ सिस्टम डॉ. तपन कलिता तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

