पांडु महाविद्यालय में विश्व दर्शन दिवस का आयोजन
गुवाहाटी, 19 नवंबर (हि.स.)। पांडु महाविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को विश्व दर्शन दिवस मनाया गया। यूनेस्को द्वारा घोषित और संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त इस दिवस का मुख्य उद्देश्य मानव विचार, चेतना और संस्कृति के विकास में दर्शनशास्त्र के शाश्वत योगदान को मान्यता देने के साथ-साथ आलोचनात्मक चिंतन और व्यक्तिगत तर्कशक्ति के विकास के लिए आम लोगों को प्रोत्साहित और आकर्षित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौहाटी विश्वविद्यालय की पूर्व प्राध्यापिका डॉ. मनीषा बरुवा उपस्थित थीं। अपने संबोधन में उन्होंने मानव जीवन और समाज के समग्र विकास में दर्शनशास्त्र की प्रासंगिकता और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस दिवस के आयोजन का विशेष आकर्षण दर्शनशास्त्र विभाग की सह-प्राध्यापिका डॉ. मैत्रेयी शर्मा द्वारा असमिया भाषा में अनूदित प्लेटो की रचना ‘संलाप: यूथीफ्रो, अपोलॉजी ओ क्रिटो’ नामक पुस्तक का औपचारिक विमोचन था। इस पुस्तक में ग्रीक दार्शनिक सुकरात के जीवन और दर्शन पर केंद्रित प्लेटो द्वारा रचित तीन संवादों का असमिया अनुवाद संकलित किया गया है।
पुस्तक का विमोचन करते हुए डॉ. मनीषा बरुवा ने इन संवादों के मौलिक महत्व और समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि पुस्तक का यह असमिया अनुवाद समाज के सभी वर्गों के पाठकों के लिए दर्शनशास्त्र के अध्ययन का एक मूल्यवान माध्यम साबित होगा।
इस अवसर पर वर्तमान शैक्षणिक वर्ष में दर्शनशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत दर्शनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मयूरी बर्मन ने किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय ज्योति बोरा ने भी उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों को संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

