कामरूप (मेट्रो) ज़िले में विश्व मलेरिया दिवस का आयोजन
गुवाहाटी, 25 अप्रैल (हि.स.)। समूचे राज्य के साथ-साथ कामरूप (मेट्रो) ज़िले में भी आज विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया।
सोनापुर के कमारकुची उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इस दिवस को औपचारिक रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सेवानिवृत्त सहायक स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. कुमारेंद्र नाथ, सोनापुर खंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उपखंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज मजूमदार, विद्यालय के प्रधानाचार्य शरत बोडो, जिला मलेरिया अधिकारी मृदुल तालुकदार, वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की जिला सलाहकार डॉ. सुदर्शना महंत और जिला महामारी विज्ञानी ,तृषा कटकी सहित खंड और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस दिवस के अवसर पर मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के बारे में छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता सभा, क्विज़ प्रतियोगिता और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि ज़िले के कई विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इस दिवस को मनाया गया। इसके अलावा, आईटीबीएन (कीटनाशक युक्त मच्छरदानी) वितरण शिविर, बुखार जांच (फीवर स्क्रीनिंग) आदि कार्यक्रम भी ज़िले में आयोजित किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

