18 से 20 दिसंबर तक मुंबई में होगा विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन
गुवाहाटी, 05 अगस्त (हि.स.)। विश्व हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) 2026 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस बार सम्मेलन की थीम समानं व्रतं सह चित्तम् — साझा प्रतिबद्धता : सामूहिक संकल्प रखी गई है। सम्मेलन में भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों से हिंदू समाज के नेता, चिंतक, उद्यमी, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।
पिरामल समूह के अध्यक्ष अजय पीरामल को विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि विशाद मफतलाल और महेश भगचंदका सह-अध्यक्ष होंगे। आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन में 60 से अधिक देशों के 4,500 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
सम्मेलन के दौरान सात समानांतर विषयगत सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें हिंदू आर्थिक मंच, हिंदू शिक्षा सम्मेलन, हिंदू मीडिया सम्मेलन, हिंदू राजनीतिक सम्मेलन, हिंदू महिला सम्मेलन, हिंदू युवा सम्मेलन और हिंदू संगठन सम्मेलन शामिल हैं। इन मंचों पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि विचार-विमर्श करेंगे तथा सहयोग और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे।
गुवाहाटी प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू कांग्रेस के प्रेरक एवं विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त महामंत्री स्वामी विज्ञानानंद ने कहा कि वैश्विक स्तर पर हिंदुओं की बढ़ती पहचान और स्वीकार्यता को देखते हुए अब सामूहिक संकल्प के साथ वैश्विक हिंदू आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने का समय है। वहीं, अजय पीरामल ने कहा कि यह सम्मेलन हिंदू विचार और वैश्विक दृष्टि को एक मंच पर लाने का अवसर है तथा इससे विश्वभर के हिंदुओं के बीच सहयोग और संवाद को नई दिशा मिलेगी।
वर्ष 2023 में बैंकॉक में आयोजित विश्व हिंदू कांग्रेस में 60 से अधिक देशों के 6,500 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इससे पहले यह सम्मेलन वर्ष 2014 में नई दिल्ली और 2018 में शिकागो में आयोजित किया जा चुका है।
विश्व हिंदू कांग्रेस का उद्देश्य विश्वभर के हिंदुओं को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे विचारों का आदान-प्रदान कर समाज के कल्याण और न्याय के लिए मिलकर कार्य कर सकें। इसका मूल मंत्र है— यतो धर्मस्ततो जयः, अर्थात जहां धर्म है, वहीं विजय है ।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

