विश्व पर्यावरण दिवस: सीआरपीएफ की 156वीं बटालियन ने लगाए 500 पौधे
चिरांग (असम), 05 जून (हि.स.)।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 156वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा शुक्रवार को मेगा वृक्षारोपण अभियान-2026 का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत असम के कुकुरमारी एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 500 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व 156वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी कन्हैया सिंह ने किया। इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के वरिष्ठ अधिकारी जीएम एवं डीजीएम सहित बटालियन के अधिकारी, जवान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान कन्हैया सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने भारत सरकार की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ के अंतर्गत नागरिकों को अपने घरों, गांवों और आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
सीआरपीएफ द्वारा आयोजित यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि समाज में हरित चेतना और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का भी प्रभावी प्रयास है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

