कामरूप महानगर जिले में विश्व डेंगू दिवस का आयोजन
गुवाहाटी, 16 मई (हि.स.)। कामरूप महानगर जिले में शनिवार को विश्व डेंगू दिवस विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में डेंगू रोकथाम और नियंत्रण को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम महानगर के सोनाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सेवानिवृत्त सहायक स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. कुमारेंद्र नाथ, महानगर के जनरल मलेरिया अधिकारी डॉ. विकास रंजन गोगोई, विद्यालय के अकादमिक इंचार्ज हिमांशु नाथ, जिला मलेरिया अधिकारी मृदुल तालुकदार, वाहक जनित रोग नियंत्रण योजना की जिला परामर्शदाता डॉ. सुदर्शना महंत तथा जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट तृषा कटकी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छात्रों के बीच डेंगू के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता सभा, क्विज प्रतियोगिता तथा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने डेंगू से बचाव के लिए साफ-सफाई बनाए रखने, घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने पर विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि डेंगू एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। समय रहते सावधानी बरतने और जनसहभागिता बढ़ाने से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इसके अलावा महानगर के डेंगू प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया गया तथा मच्छरों के स्रोतों को नष्ट करने के लिए ‘सोर्स रिडक्शन’ कार्यक्रम भी चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

