home page

विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस पर कामरूप में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस पर कामरूप में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


गुवाहाटी, 30 जुलाई (हि.स.)। विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस-2026 के अवसर पर गुरुवार को कामरूप जिले के अमीनगांव स्थित एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग, असम के अंतर्गत संकल्प : डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कामरूप के जिला आयुक्त देब कुमार मिश्र ने मानव तस्करी और डायन प्रथा (विच-हंटिंग) के संभावित कारणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मानव तस्करी संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने, जन-जागरूकता अभियान तेज करने तथा शिक्षा को इस सामाजिक बुराई के खिलाफ प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों और नागरिकों से मानव तस्करी उन्मूलन तथा कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मिशन शक्ति की विभिन्न योजनाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण, संरक्षण एवं कल्याण से जुड़े उद्देश्यों पर प्रस्तुति दी गई। गौहाटी उच्च न्यायालय की अधिवक्ता हरिप्रिया राजबंशी ने मानव तस्करी रोकथाम एवं डायन प्रथा उन्मूलन संबंधी राज्य नीति, कानूनी प्रावधानों, चुनौतियों और संस्थागत तंत्र को मजबूत करने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी।

डीएसपी टिंकुज्योति चौधरी ने मानव तस्करी रोकने के लिए पुलिस की पहल तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की बचाव, जांच, पुनर्वास और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय में भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, सहायक एलएडीसी ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है।

कार्यक्रम के दौरान खुली चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें मानव तस्करी और इससे जुड़े सामाजिक मुद्दों से निपटने के लिए समन्वित प्रयासों को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिभागियों को बताया गया कि बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है।

कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ गोस्वामी, एडीसी गीताश्री लचित, मुख्य एलएडीसी, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी, सीडीपीओ तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश