संविदा कर्मचारियों ने उठाई वेतन वृद्धि की मांग
इटानगर, 31 मार्च (हि.स.)। अखिल अरुणाचल प्रदेश पंचायती राज संविदा चालक एवं एमटीएस संघ ने मंगलवार को राज्य सरकार से पंचायती राज विभाग में लगभग 17 वर्षों की निरंतर सेवा का हवाला देते हुए संविदा कर्मचारियों को नियमित करने एवं उनके वेतन में वृद्धि करने की अपील की।
संगठन के संयोजक दोरजी देसिसो ने अरुणाचल प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चालकों और बहु-कार्य कर्मचारियों (एमटीएस) को लगभग 17 वर्ष पहले 4 हजार रुपये के मासिक वेतन पर नियुक्त किया गया था, जिसे बार-बार की गई अपीलों के बाद बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था।
उन्होंने कहा कि वेतन वृद्धि के बाद से वेतन में कोई और वृद्धि नहीं हुई है, जिससे बढ़ती महंगाई के कारण एमटीएस कर्मचारियों के लिए आजीविका चलाना मुश्किल हो रहा है।
वेतन वृद्धि को पहले ही मंजूरी मिलने का दावा करते हुए देसिसो ने सरकार और संबंधित विभाग पर अपने वादों से मुकरने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “हर कर्मचारी को उम्मीद थी कि समय के साथ उनके वेतन में सुधार होगा। अगर नियमितीकरण संभव नहीं है, तो सरकार को कम से कम बुनियादी आजीविका सुनिश्चित करने के लिए वेतन में संशोधन करना चाहिए।”
कर्मचारियों पर पड़ रहे वित्तीय दबाव को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा वेतन परिवार की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपर्याप्त है, जिसके कारण कई कर्मचारियों को इस्तीफा देना पड़ रहा है। फिलहाल, विभाग में लगभग 191 एमटीएस और 14 ड्राइवर संविदा आधार पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र कारवाई करने की मांग करते हुए आगामी 13 अप्रैल को धारना शुरू करने की घोषणा की।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

