home page

महिला मुद्दे और मणिपुर की अखंडता रहेंगी प्राथमिकता : शारदा देवी

 | 
महिला मुद्दे और मणिपुर की अखंडता रहेंगी प्राथमिकता : शारदा देवी


इंफाल, 08 जून, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्यसभा उम्मीदवार अधिवक्ता मायूम शारदा देवी ने कहा है कि यदि वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित होती हैं तो संसद में महिलाओं के कल्याण, उनके सशक्तिकरण तथा मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगी।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में शारदा देवी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसका उपयोग वह मणिपुर की जनता से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने के लिए करेंगी।

उन्होंने कहा कि जातीय हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए राहत शिविर स्थापित किए गए थे और निर्वाचित होने पर वह महिलाओं से संबंधित समस्याओं और उनके हितों के मुद्दों को संसद में उठाएंगी। उन्होंने कहा कि महिला होने के नाते महिलाओं का विकास और सशक्तिकरण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

शारदा देवी ने मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए इस अवसर का उपयोग वह मणिपुर की अखंडता की सुरक्षा तथा राज्य की जनता द्वारा समय-समय पर उठाए गए मुद्दों को संसद में रखने के लिए करेंगी।

शारदा देवी ने मणिपुर विधानसभा सचिवालय में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह, भाजपा विधायक, वरिष्ठ पार्टी नेता तथा सहयोगी दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह कृतज्ञ हैं और इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी।

उल्लेखनीय है कि शारदा देवी भाजपा की मणिपुर इकाई की पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं। पार्टी ने उन्हें राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार बनाया है।

मणिपुर में राज्यसभा चुनाव 18 जून को निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है। आवश्यकता पड़ने पर मतदान 18 जून को होगा और मतगणना भी उसी दिन संपन्न होगी। विधानसभा में भाजपा और उसके सहयोगियों की मजबूत स्थिति को देखते हुए चुनाव में उनके पक्ष को मजबूत माना जा रहा है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश