गुवाहाटी में महिलाओं ने देर रात लाठी लेकर चलाया अभियान
गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के गणेशगुड़ी क्षेत्र में शनिवार देर रात स्थानीय महिलाओं का एक समूह हाथों में लाठी लेकर सड़कों पर उतर आया और कथित असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया।
महिलाओं का आरोप है कि क्रॉसरोड्स बार से निकलने के बाद कुछ युवक-युवतियां सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित एवं असामाजिक गतिविधियों में लिप्त रहते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी के विरोध में महिलाओं ने देर रात सड़क पर उतरकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद दिसपुर पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर उन्हें स्वयं यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
घटना के दौरान क्षेत्र में काफी हलचल देखी गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा देर रात होने वाली कथित असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

