शादी के 12 दिन बाद ही दुल्हन की मौत से श्रीभूमि में सनसनी
श्रीभूमि (असम), 30 अप्रैल (हि.स.)। श्रीभूमि जिले के बदरपुर थाना क्षेत्र के मालुवा गांव में शादी के महज 12 दिन बाद ही ससुराल में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। हाथों की मेहंदी भी फीकी नहीं पड़ी थी और शादी के सपने पूरे होने से पहले ही दुल्हन की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालुवा गांव निवासी इलास अली के पुत्र मनिरुज्जामान के साथ पड़ोसी बनियारगुल गांव के हुसैन अहमद की पुत्री जुबेद़ा बेगम का विवाह 12 दिन पूर्व हुआ था। बुधवार शाम करीब 7 बजे अचानक जुबेद़ा की तबीयत बिगड़ जाने की बात कही गई। परिजनों ने तुरंत उसे श्रीगौरी अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आज बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई। परिजनों ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए बदरपुर थाने में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीभूमि जिला अस्पताल भेज दिया।
इधर, मृतका के पति मनिरुज्जामान ने बताया कि जुबेद़ा सुबह से ही बुखार से पीड़ित थी और शाम को दोनों ने साथ में चाय पी थी। इसके बाद वह स्थानीय दवा दुकान से बुखार और गैस की दवा लाकर पत्नी को दी थी। दवा लेने के कुछ समय बाद ही उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
वहीं, मृतका के भाई साजन अहमद का कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले तक जुबेद़ा पूरी तरह स्वस्थ थी और उससे बातचीत भी हुई थी। अचानक बेहोश होकर अस्पताल ले जाने की सूचना मिली, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के परिजनों ने इस घटना को सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

