कोकराझार में पूर्वी क्षेत्र की राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग का आगाज, आठ टीमें ले रही हिस्सा
कोकराझार (असम), 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कोकराझार जिले में रविवार से पूर्वी क्षेत्र अस्मिता सब-जूनियर एवं जूनियर महिला हॉकी लीग 2026-27 का शुभारंभ हुआ। कठालगुरी स्थित साई स्पेशल ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी) के खेल मैदान में आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 25 से 29 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन कोकराझार विधानसभा क्षेत्र की विधायक शिउली महिलारी ने किया।
कोकराझार जिला हॉकी संघ और हॉकी असम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में असम सहित विभिन्न राज्यों की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के कार्यकारी सदस्य देरहासात बसुमतारी ने मीडिया को बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र में हॉकी खेल को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता में हॉकी असम, सुरिंदर सिंह मेमोरियल हॉकी अकादमी, कोलकाता, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, हॉकी मिजोरम, ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर तथा बिहार की बीएसएसए सहित कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर सब-जूनियर वर्ग में हॉकी असम का मुकाबला सुरिंदर सिंह मेमोरियल हॉकी अकादमी, कोलकाता से हुआ। वहीं, जूनियर वर्ग में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और हॉकी मिजोरम की टीमें आमने-सामने हुईं।
पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता से युवा महिला हॉकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, कोकराझार में महिला हॉकी के विकास और खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी इस आयोजन की महत्वपूर्ण भूमिका रहने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

