सरकारी फंड गबन के आरोप में आरोपित महिला गिरफ्तार
इटानगर, 17 सितंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की तवांग जिला पुलिस ने सरकारी फंड में कथित तौर पर 39.25 लाख रुपये के गबन के मामले में तवांग पोस्ट ऑफिस के 46 वर्षीय मल्टी-टास्किंग स्टाफ महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
गुरुवार को तवांग पुलिस ने बताया कि यह मामला 7 सितंबर को पोस्ट ऑफिस में की गई जांच के दौरान सामने आया, जिसमें अधिकारियों को सरकारी पैसे के हिसाब-किताब में गड़बड़ी मिली।
बोमडिला पोस्टल सब-डिविजन के पोस्ट ऑफिस इंस्पेक्टर की शिकायत के अनुसार, जनवरी, 2023 और मई, 2024 के बीच पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम के तौर पर जमा किए गए 34.49 लाख रुपये का कथित तौर पर कोई हिसाब नहीं रखा गया या उन्हें जमा नहीं किया गया। इसके अलावा, 4.75 लाख रुपये की राशि काउंटर कैश के तौर पर बिना जमा किए पाई गई।
पुलिस ने बताया कि महिला कर्मचारी संगीता आले ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर पैसे की कमी की बात स्वीकार की और इस मामले में लिखित बयान दिया।
13 सितंबर को मिली शिकायत के बाद, तवांग पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। ज़रूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को आले को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच जारी रखे हुए है कि कथित वित्तीय अनियमितताएं कैसे हुईं और मामले की पूरी सच्चाई का पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

