सड़क पर पति के सामने महिला को निर्वस्त्र कर किया गया प्रताड़ित
लखीमपुर (असम), 16 जून (हि.स.)। असम के लखीमपुर जिले के चाउलधोवा क्षेत्र में एक महिला के साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार और प्रताड़ना का शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने सड़क पर महिला को उसके पति के सामने निर्वस्त्र कर प्रताड़ित किया, जिससे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कोनानदी गांव में हुई। बताया जा रहा है कि सरकारी भूमि पर चांगघर (पारंपरिक ऊंचे मकान) के निर्माण को लेकर उत्पन्न विवाद के दौरान कुछ लोगों ने महिला पर हमला कर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले में संलिप्त हरेकांत चायेंगिया नामक एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अभियान चला रही है।
घटना की विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने कड़ी निंदा की है। पुलिस ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

