home page

गोलाघाट में पैंक्रियाज के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, डॉक्टर पर गंभीर आरोप

 | 
गोलाघाट में पैंक्रियाज के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, डॉक्टर पर गंभीर आरोप


गोलाघाट (असम), 25 अगस्त (हि.स.)। असम के गोलाघाट में पैंक्रियाज की बीमारी के ऑपरेशन के करीब 25 दिन बाद गुवाहाटी में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

परिजनों के अनुसार, ज्योस्मिता बोरा का 25 जुलाई को गोलाघाट शहर स्थित एचजीएम नर्सिंग होम में पैंक्रियाज का ऑपरेशन किया गया था। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने महिला के पेट में करीब डेढ़ फुट लंबा चीरा लगाया।

बताया गया है कि यह ऑपरेशन नुमलीगढ़ रिफाइनरी के अधीन विवेकानंद अस्पताल के डॉ. भास्कर हाजरिका ने किया था।

ऑपरेशन के बाद ज्योस्मिता की हालत बिगड़ने पर उन्हें गुवाहाटी ले जाया गया, जहां करीब 25 दिनों तक उपचार चलने के बाद उनकी मौत हो गई।

ज्योस्मिता के परिजनों ने डॉ. भास्कर हाजरिका के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, मामले में डॉक्टर या संबंधित नर्सिंग होम की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश