गोलाघाट अस्पताल से कैदी फरार मामले में महिला डॉक्टर गिरफ्तार
गोलाघाट (असम), 10 सितंबर (हि.स.)। गोलाघाट के शहीद कुशल कोंवर असामरिक अस्पताल से कैदियों के फरार होने के मामले में गोलाघाट जिला कारागार की महिला चिकित्सक डॉ. कावेरी कुर्मी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार (9 सितंबर) की रात उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच के अनुसार, तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपित नजीबुर रहमान को कथित तौर पर बार-बार बीमार बताकर अस्पताल भेजा जाता था। आरोप है कि चिकित्सक ने उसे योजनाबद्ध तरीके से इलाज के लिए अस्पताल भेजने में भूमिका निभाई, जिसका फायदा उठाकर वह अस्पताल से फरार हो गया।
इस मामले में इससे पहले एक पुलिसकर्मी और दो होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नजीबुर रहमान के भाई हिजबुर रहमान को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
नजीबुर रहमान के साथ रूपम कलिता और अजय गोवाला नामक दो अन्य कैदी भी अस्पताल के वार्ड से फरार हुए थे। पुलिस फरार कैदियों की तलाश में अभियान चला रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

